अजमेर में जिम के बाहर दो गुटों में हिंसा: होटल कारोबारी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
अजमेर में जिम के बाहर दो गुटों में हिंसा, अजमेर के गंज थाना क्षेत्र में पुष्कर रोड स्थित एक जिम के बाहर हुए हिंसक झगड़े के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक होटल व्यवसायी भी शामिल है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दयानंद कॉलोनी निवासी दिनेश पमनानी (27), पन्नीग्राम चौक निवासी समीर अहमद (27), त्रिपोलिया गेट क्षेत्र के साहिल अनवर (26) और किशन गुरनानी मोहल्ला निवासी अदनान हुसैन (26) शामिल हैं। इन सभी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।
मामला 25 अप्रैल का है, जब हाथीभाटा निवासी शिवशंकर शर्मा रोज की तरह पुष्कर रोड स्थित डी-फिटनेस जिम गए थे। इसी दौरान जिम के अंदर उनकी दिनेश पमनानी से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि पमनानी ने अपने साथियों को बुला लिया।
पीड़ित के मुताबिक, जिम के बाहर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शिवशंकर शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
