बच्चा चोरी के शक में युवक को पेड़ से बांधकर पीटा, पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया

0
cover28_1778942917

बच्चा चोरी के शक में युवक को पेड़ से बांधकर पीटा, बूंदी। जिले के देवपुरा इलाके में शनिवार दोपहर बच्चा चोरी के शक में लोगों ने एक युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और जमकर पिटाई कर दी। युवक पर दो मासूम बच्चों को उठाने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई।

सदर थानाधिकारी भंवर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम के साथ सहायक उपनिरीक्षक रजनीश राठौड़ मौके पर पहुंचे थे। युवक को सुरक्षित हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक वास्तव में किसी वारदात में शामिल था या यह केवल शक के आधार पर हुई घटना थी।

शोर सुनकर भागा, लोगों ने पीछा कर पकड़ा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक की गतिविधियां लोगों को संदिग्ध लगीं। कुछ लोगों ने उसे बच्चों के आसपास घूमते देखा, जिसके बाद शोर मच गया। हंगामा होते ही युवक वहां से भागने लगा। स्थानीय युवकों ने उसका पीछा किया और रेलवे स्टेशन क्षेत्र के पास पकड़ लिया।

युवक के पकड़े जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। गुस्साई भीड़ ने युवक को एक पेड़ से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी।

पुलिस बोली- बच्चा चोर नहीं, नशे में था युवक

बाद में सदर थानाधिकारी भंवर सिंह ने स्पष्ट किया कि युवक बच्चा चोर नहीं था। वह काफी समय से बूंदी में मजदूरी कर रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक शराब के नशे में था, जिसके कारण लोगों ने उसे गलत समझ लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *