गोपालगंज में जनेऊ कार्यक्रम पर बवाल: अनंत सिंह समेत 9 पर FIR, हथियार लहराने और अश्लील डांस का आरोप
गोपालगंज में जनेऊ कार्यक्रम पर बवाल, गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में आयोजित एक जनेऊ समारोह अब विवादों में आ गया है। इस मामले में मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया गया और अश्लील डांस कराया गया।
जानकारी के अनुसार, सेमराव गांव में 2 और 3 अप्रैल को गुड्डू राय के घर जनेऊ कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए थे। इस दौरान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और मेहमानों के लिए खास इंतजाम किए गए थे। इसी बीच कुछ लोगों ने लाइसेंसी और प्रतिबंधित हथियार लहराए, जिसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वायरल वीडियो में अश्लील डांस भी दिखाई दे रहा है, जिसमें विधायक अनंत सिंह तालियां बजाते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई।
विनय तिवारी के निर्देश पर हथुआ एसडीपीओ ने वीडियो की जांच कर कई लोगों की पहचान की। इसके आधार पर मीरगंज थाना में कांड संख्या 247/26 के तहत 9 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
नामजद आरोपियों में आयोजक गुड्डू राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय, सुनील यादव के साथ अनंत सिंह और गुंजन सिंह शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, समारोह के दौरान हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील गतिविधियां सार्वजनिक शांति भंग करने के दायरे में आती हैं।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आगे की जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
