गया में छात्रा से गैंगरेप: चेन पुलिंग के बाद ट्रेन से उतरी, सुनसान में वारदात
गया में छात्रा से गैंगरेप, गया जिले में एक 21 वर्षीय बीए छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार, 1 मई की रात वह पटना-गया पैसेंजर ट्रेन से सफर कर रही थी। बेलागंज और नियामतपुर हॉल्ट के बीच किसी ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी, जिसके बाद वह जल्द घर पहुंचने के लिए बीच रास्ते ही उतर गई।
छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका ननिहाल स्टेशन से करीब 3 किलोमीटर दूर है। ट्रेन रुकने पर कुछ अन्य यात्री भी उतर गए, जिन्हें देखकर वह भी नीचे आ गई। शुरुआती रास्ता तय करने के बाद अंधेरा और सुनसान देखकर वह घबरा गई और वापस ट्रेन की ओर लौटने लगी। इसी दौरान तीन से चार युवकों ने पीछे से पकड़ लिया, उसका मुंह दबा दिया और उसे जबरन रेलवे लाइन पार कर करीब 700 मीटर दूर सुनसान जगह पर ले गए।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और घटना के बाद फरार हो गए। घटना स्थल पूरी तरह सुनसान और झाड़ियों से घिरा बताया जा रहा है, जहां दिन में भी लोगों की आवाजाही बेहद कम रहती है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल की जांच की गई और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, खासकर रेलवे ट्रैक के आसपास की निगरानी और चेन पुलिंग जैसी घटनाओं को लेकर। पुलिस और आरपीएफ ने क्षेत्र का निरीक्षण किया है और सुरक्षा बढ़ाने की बात कही है।
