जालौन में भीषण सड़क हादसा: टवेरा ट्रक में घुसी, 6 श्रद्धालुओं की मौत; 4 गंभीर

0
comp-19_1777862093

जालौन में भीषण सड़क हादसा, जालौन जिले में झांसी-कानपुर हाईवे पर सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार टवेरा वाहन पीछे से ट्रक में जा घुसा, जिससे छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी यात्री अयोध्या से रामलला के दर्शन कर ललितपुर लौट रहे थे।

हादसा कालपी क्षेत्र में शहर से करीब 55 किलोमीटर दूर जोल्हूपुर मोड़ के पास हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने चल रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद करीब 30 मिनट तक लोग कार में ही फंसे तड़पते रहे। स्थानीय लोगों ने मदद की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर की मदद से वाहन के दरवाजे काटकर घायलों को बाहर निकाला। तब तक चार लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया, लेकिन वहां भी अव्यवस्था देखने को मिली। बताया जा रहा है कि मौके पर वार्ड बॉय मौजूद नहीं था, जिससे घायल करीब 10 मिनट तक एम्बुलेंस में ही पड़े रहे। बाद में लोगों की मदद से उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां दो और लोगों ने दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक, कार में सवार अधिकांश लोगों ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, जिसके चलते एयरबैग भी नहीं खुल पाए और जान-माल का नुकसान अधिक हुआ।

मृतकों की पहचान ललितपुर के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी (49) और उनके परिजनों सहित अन्य यात्रियों के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *