जमुई में EOU की बड़ी कार्रवाई: इंजीनियर गोपाल कुमार के 4 ठिकानों पर छापा, 50 लाख कैश बरामद
जमुई में EOU की बड़ी कार्रवाई, बिहार के जमुई में ग्रामीण कार्य विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक साथ चार ठिकानों पर छापेमारी की। शुरुआती जांच में अब तक करीब 50 लाख रुपए नकद बरामद होने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान पटना स्थित घर से भारी मात्रा में कैश मिलने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
सूत्रों के अनुसार, गोपाल कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। EOU की टीम ने पटना समेत अन्य ठिकानों पर दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है।
पटना में करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
जांच में यह भी सामने आया है कि इंजीनियर गोपाल कुमार ने पटना में करीब डेढ़ करोड़ रुपए का आलीशान मकान और लगभग डेढ़ करोड़ रुपए का फ्लैट खरीद रखा था। अधिकारियों को संदेह है कि ये संपत्तियां उनकी ज्ञात आय के मुकाबले कहीं अधिक मूल्य की हो सकती हैं।
पटना स्थित आवास पर तलाशी के दौरान टीम को एक डिजिटल लॉकर से करीब 40 लाख रुपए नकद मिले। नोटों की मात्रा इतनी अधिक थी कि अधिकारियों को कमरे में ही बंडल निकालकर गिनती करनी पड़ी। सामने आई तस्वीरों में बेड पर नोटों के ढेर दिखाई दिए, जहां टीम कैश की गिनती करती नजर आई।
टीम को देखकर इंजीनियर ने जताई नाराजगी
बताया जा रहा है कि जमुई में छापेमारी के दौरान गोपाल Kumar खुद मौजूद थे। EOU टीम को देखकर उन्होंने शुरुआत में नाराजगी जताते हुए पूछा कि “आप लोग कौन हैं, बाहर जाइए।” हालांकि, जब अधिकारियों ने उन्हें सर्च वारंट दिखाया, तब उन्होंने सहयोग करना शुरू किया।
EOU फिलहाल दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद नकदी, संपत्तियों और अन्य निवेशों की वैधता की जांच की जाएगी। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
