लखनऊ में कोहली का जलवा, RCB-LSG मैच से पहले जबरदस्त क्रेज
लखनऊ में कोहली का जलवा, लखनऊ में होने वाले आईपीएल मुकाबले से पहले क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच 7 मई को होने वाले मैच से पहले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के शहर पहुंचते ही माहौल पूरी तरह से क्रिकेटमय हो गया है।
5 मई को इकाना स्टेडियम में विराट कोहली ने करीब दो घंटे तक कड़ा अभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने अपनी बल्लेबाजी पर खास ध्यान देते हुए स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ जमकर शॉट्स लगाए और कई शानदार छक्के भी जड़े। प्रैक्टिस के दौरान उनकी फिटनेस भी देखने लायक रही, जहां उन्होंने पूरे मैदान का चक्कर लगाकर दौड़ लगाई।
कोहली की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम के बाहर हजारों की संख्या में फैंस जमा हो गए। हालांकि, सुरक्षा कारणों के चलते किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई, जिससे कई फैंस मायूस नजर आए। इसके बावजूद, कोहली के प्रति दीवानगी में कोई कमी नहीं दिखी।
इस मैच को लेकर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्लेटफॉर्म पर जबरदस्त हलचल है। टिकटों की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला है। जहां पहले टिकट 1000 से 25,000 रुपए तक मिल रहे थे, वहीं अब यह कीमत बढ़कर 2000 से 50,000 रुपए तक पहुंच गई है। बावजूद इसके, टिकटों की बिक्री तेजी से जारी है।
सूत्रों के अनुसार, सबसे ज्यादा डिमांड 6000 रुपए वाले साउथ वीआईपी टेरेस टिकट की है। वहीं 2000 रुपए वाले ईस्ट और वेस्ट स्टैंड टिकट भी तेजी से बिक रहे हैं। दलाल बाजार में इन टिकटों की कीमत कई गुना तक बढ़ चुकी है।
हालांकि यह मुकाबला आधिकारिक रूप से LSG और RCB के बीच है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। अधिकांश दर्शक सिर्फ विराट कोहली को लाइव देखने के लिए स्टेडियम पहुंचने की योजना बना रहे हैं। क्रिकेट जानकार इस मैच को पहले ही “मेगा शो” घोषित कर चुके हैं।
ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़े उत्सव की तरह साबित होने वाला है।
