नवविवाहित जोड़े की सुरक्षा मांग पर वकीलों-परिजनों में मारपीट, आधे घंटे चला हंगामा

0
329266_1778495492

नवविवाहित जोड़े की सुरक्षा मांग पर वकीलों-परिजनों में मारपीट, आधे घंटे चला हंगामा

अजमेर: राजस्थान के अजमेर में सोमवार दोपहर एसपी कार्यालय उस समय अखाड़े में तब्दील हो गया, जब एक नवविवाहित जोड़ा सुरक्षा की मांग को लेकर अपने वकीलों के साथ पहुंचा और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। वकीलों और परिजनों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिससे एसपी ऑफिस परिसर में अफरा-तफरी मच गई। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।

घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले अलग-अलग समाज से संबंध रखने वाले युवक और युवती ने 1 दिसंबर 2025 को चोरी-छिपे शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों अपने-अपने घरों में रह रहे थे, लेकिन 7 मई को दोनों अचानक घर से चले गए। इसके बाद युवती के भाई ने 8 मई को क्लॉक टावर थाने में गुमशुदगी और अन्य आरोपों को लेकर मामला दर्ज कराया था।

सोमवार को यह नवविवाहित जोड़ा सुरक्षा की मांग को लेकर अजमेर एसपी कार्यालय पहुंचा था। उनके साथ दोनों पक्षों के वकील भी मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के वकीलों के बीच पहले तीखी बहस शुरू हुई, जो कुछ ही मिनटों में हाथापाई में बदल गई। विवाद बढ़ने पर दोनों परिवारों के सदस्य भी आमने-सामने आ गए और कार्यालय परिसर में जमकर मारपीट होने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिसर में अचानक चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आए। कई लोग बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया। पुलिसकर्मियों को स्थिति संभालने के लिए मौके पर दौड़ना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी खान मोहम्मद, सीओ शिवम जोशी और सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को अलग किया और समझाइश देकर मामला शांत कराया। पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

युवती के भाई ने आरोप लगाया कि उनकी बहन पिछले पांच दिनों से लापता थी और वे उसे वापस ले जाने के लिए एसपी कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के एक वकील ने उनके पिता को थप्पड़ मार दिया और परिवार की महिलाओं के साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया।

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संवेदनशील है और कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अभय कमांड सेंटर की रिकॉर्डिंग के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत किसने की और किसने मारपीट की। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *