मोहना में हिट एंड रन: शादी से लौट रहे किसान की मौत, आरोपी फरार
मोहना में हिट एंड रन, मोहना थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की जान चली गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, कैमारी गांव निवासी 55 वर्षीय गंधर्व सिंह रावत एक रिश्तेदार की शादी से लौटकर घर जा रहे थे। सुबह करीब 3:30 बजे जब वे दौरार रोड स्थित क्वालिटी ढाबा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की हालत देखते हुए तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी राशिद खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया गया है।
