ग्वालियर में युवक अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार, बड़ी वारदात की आशंका

0
1_1778220060

ग्वालियर में युवक अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार, ग्वालियर शहर की थाटीपुर थाना पुलिस ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक 19 वर्षीय युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी एक्टिवा स्कूटी की डिक्की में लोडेड देशी पिस्टल छिपाकर संदिग्ध हालत में घूम रहा था। पुलिस को आशंका है कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

थाटीपुर थाना प्रभारी विपेन्द्र सिंह चौहान को सूचना मिली थी कि भूतेश्वर मंदिर के पास नदी की रपट पर एक युवक हथियार के साथ खड़ा है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक बलराम मांझी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक ने भागने की कोशिश की और एक्टिवा स्टार्ट कर वहां से निकलना चाहा, लेकिन पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

जब पुलिस ने सफेद रंग की एक्टिवा (MP 07 ZS 4465) की तलाशी ली तो उसकी डिक्की से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार बरामद होते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर स्कूटी जब्त कर ली। पूछताछ में आरोपी की पहचान नमन सोलंकी (19) निवासी शिंदे की छावनी, भारत टॉकीज के पास के रूप में हुई।

इतनी कम उम्र में युवक के पास अवैध हथियार मिलने से पुलिस भी सतर्क हो गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार कहां से लेकर आया था, उसका किसी गैंग या आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं, और आखिर वह किस वारदात की तैयारी कर रहा था।

थाना प्रभारी विपेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उसके पुराने रिकॉर्ड और संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *