बस्तर में धर्मांतरण के आरोप पर पास्टर की पिटाई, गांव में तनाव के बाद पुलिस हस्तक्षेप
बस्तर में धर्मांतरण के आरोप, बस्तर जिले के रेटावंड गांव में धर्मांतरण के आरोप को लेकर विवाद हिंसक हो गया। ग्रामीणों ने ओडिशा के एक पास्टर की लात-घूंसों और चप्पलों से पिटाई कर दी, यहां तक कि उसकी शर्ट भी फाड़ दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पास्टर ओडिशा के नवरंगपुर क्षेत्र का रहने वाला है और पिछले करीब डेढ़ साल से अपने परिवार के साथ रेटावंड गांव में रह रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि वह गांव में रहकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था, जिससे गांव में असंतोष बढ़ता जा रहा था।
इसी मुद्दे को लेकर दो दिन पहले गांव में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ कुछ धर्मांतरित परिवार भी शामिल हुए। बैठक में पास्टर से गांव छोड़ने को कहा गया, लेकिन कथित तौर पर उसने इसका विरोध किया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और भीड़ ने उस पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल पास्टर ने थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी है और फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, गांव में फिलहाल शांति है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं ग्रामीणों की मांग है कि पास्टर गांव छोड़कर अपने गृह राज्य लौट जाए। पुलिस का कहना है कि पास्टर ने भी जल्द गांव छोड़ने का आश्वासन दिया है।
