धमतरी में CAF जवान ने लगाई फांसी: पत्नी से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम, बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटा था घर

0
comp-65_1778493412

धमतरी में CAF जवान ने लगाई फांसी, छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) के एक जवान द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना शहर के सपना पिंक सिटी रोड स्थित किराए के मकान की है, जहां जवान का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 37 वर्षीय जागेश्वर प्रसाद ठाकुर के रूप में हुई है, जो CAF की 10वीं बटालियन की एफ कंपनी में पदस्थ था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जागेश्वर प्रसाद ठाकुर मूल रूप से भटगांव थाना क्षेत्र के रनचीराई गांव के निवासी थे और पिछले सात से आठ वर्षों से धमतरी में किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहे थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सूरजपुर में CAF की 10वीं बटालियन में थी, जबकि हाल ही में उनकी ड्यूटी रायपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में लगाई गई थी।

बताया जा रहा है कि जवान पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद पांच दिनों के ब्रेक रेस्ट पर घर आया हुआ था। 24 मार्च को वह रायपुर से चुनाव ड्यूटी के लिए पश्चिम बंगाल रवाना हुए थे और 2 मई की शाम करीब 4 बजे वापस लौटे थे। चुनावी ड्यूटी के बाद उन्हें कुछ दिनों का अवकाश मिला था, जिसके चलते वह परिवार के साथ समय बिताने धमतरी पहुंचे थे।

परिवार और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, जागेश्वर शराब पीने का आदी था और इसी बात को लेकर अक्सर पत्नी से विवाद होता रहता था। बताया गया है कि 9 मई को भी शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। झगड़ा बढ़ने के बाद पत्नी नाराज होकर बच्चों को लेकर अपने रिश्तेदार के घर चली गई थी। जाने से पहले उसने परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस बात की जानकारी दी थी।

पत्नी ने उसी रात अपने देवर ललित को फोन कर बताया था कि घर में विवाद के बाद वह बच्चों के साथ पास के गांव में रिश्तेदार के यहां चली गई है। इसके बाद जब जवान का भाई घर पहुंचा, तो उसने अंदर का नजारा देखकर होश खो दिए। जागेश्वर कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जवान किसी मानसिक तनाव में था या घटना के पीछे कोई अन्य कारण भी था।

फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों को लेकर और स्पष्ट जानकारी सामने आ सके। जवान की मौत के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *