बालोद में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार-बाइक की टक्कर में 3 दोस्तों की मौत, शव क्षत-विक्षत

0
c-comp-4_1778300519

बालोद में भीषण सड़क हादसा, छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। हादसे में एक युवक का पैर कटकर शरीर से अलग हो गया, दूसरे का हाथ कट गया, जबकि तीसरे के पैर में गंभीर चोटें आईं। सड़क पर हादसे का मंजर इतना भयावह था कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। घटना डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खैरीडीह गांव के पास शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुई।

मृतकों की पहचान सिर्राभाठा निवासी तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और नरेंद्र भुआर्या (21) निवासी मुड़खुसरा के रूप में हुई है। तीनों युवक आपस में दोस्त थे और शुक्रवार रात बाइक से डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार (CG 04 QB 5621) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में तरुण यादव का हाथ शरीर से अलग हो गया, जबकि बाइक के पीछे बैठे राहुल सेवता का पैर कटकर करीब 50 मीटर दूर खेत (पैरावट) में जा गिरा। नरेंद्र भुआर्या के शरीर पर भी गंभीर चोटें आईं और उसका पैर टूट गया। घटनास्थल पर खून बिखरा हुआ था और हादसे का दृश्य बेहद भयावह नजर आ रहा था।

सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल सेवता ने अस्पताल में इलाज के दौरान तड़पते हुए दम तोड़ दिया। शनिवार सुबह ग्रामीणों को राहुल का कटा हुआ पैर घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर मिला, जिसे बाद में पुलिस ने कब्जे में लिया।

हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक देर रात किसी काम से डौंडीलोहारा जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। वहीं कार सवार लोग दल्लीराजहरा से राजनांदगांव लौट रहे थे।

डौंडीलोहारा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि वाहन चालक नशे में थे या नहीं। फिलहाल शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज गति से वाहन चलाने की घटनाएं आम हैं, लेकिन हादसों के बाद भी लोग सबक नहीं ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *