BBAU में छात्रा की मौत पर बवाल, मेस के खाने पर उठे सवाल; कुलपति आवास घेरा
BBAU में छात्रा की मौत पर बवाल, बाबासाहब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी में इंटीग्रेटेड बेसिक साइंस की प्रथम वर्ष की छात्रा अनामिका सिंह की मंगलवार देर शाम मौत के बाद कैंपस में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना से नाराज छात्रों ने कुलपति आवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। देर रात तक हंगामा जारी रहा, वहीं बुधवार सुबह भी कुछ छात्र धरने पर बैठे रहे।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि यशोदा हॉस्टल के मेस में परोसे गए दूषित भोजन की वजह से अनामिका बीमार हुई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। छात्रों के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर अनामिका करीब पांच दिन पहले छुट्टी लेकर वाराणसी स्थित अपने घर चली गई थी। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई थी और उसका इलाज चल रहा था, लेकिन मंगलवार देर शाम उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय परिसर में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हॉस्टल से निकलकर कुलपति आवास के बाहर जुट गए और मेस की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया, लेकिन छात्रों का कहना है कि कुलपति उनसे मिलने नहीं आए, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।
छात्रों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई हो और हॉस्टल मेस की व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए। फिलहाल कैंपस में तनाव बना हुआ है और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश में जुटा है।
