नीमराना में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत

0
whatsappvideo2026-04-24at2332442-ezgifcom-resize_1777061439

नीमराना में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना क्षेत्र में एक अवैध कबाड़ गोदाम में शुक्रवार शाम भीषण आग लगने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई है और उसका इलाज जारी है।

घटना में दो अन्य लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सभी मृतक झारखंड के बताए जा रहे हैं और शवों की पहचान डीएनए परीक्षण के जरिए की जाएगी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह ज्वलनशील केमिकल बताया जा रहा है, जो कबाड़ में मिली परफ्यूम की बोतलों से निकला था। गोदाम में रखे केमिकल ड्रमों में विस्फोट होने से आग और तेजी से फैल गई।

बीड़ी से लगी आग

पुलिस के अनुसार यह गोदाम कृषि भूमि पर अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था, जिसे एक व्यक्ति ने किराए पर ले रखा था। घटना के समय मजदूर कबाड़ में मिली परफ्यूम की बोतलों को तोड़ रहे थे, जिनसे स्पिरिट जैसा ज्वलनशील पदार्थ निकल रहा था।

इसी दौरान वहां पहुंचे एक पिकअप चालक ने बीड़ी जलाई और जलती हुई तीली फेंक दी, जिससे केमिकल ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया।

टीनशेड गिरने से फंसे लोग

आग लगने के वक्त गोदाम में करीब सात लोग मौजूद थे, जिनमें महिला, पुरुष और बच्चे शामिल थे। आग फैलते ही अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे।

इस दौरान दो बच्चे और एक महिला गोदाम के पिछले हिस्से में छिप गए, जहां उन्हें लगा कि वे सुरक्षित रहेंगे। लेकिन तेज गर्मी के कारण टीनशेड के पिलर पिघलकर उन पर गिर गए और नीचे जल रहे प्लास्टिक कचरे के बीच वे फंस गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *