रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, दो कर्मचारी गिरफ्तार
रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, दुर्ग/रायपुर। शनिवार को सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे से जुड़े दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों लोगों से रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैसे लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों में रेलवे कर्मचारी बी. राजशेखर राव और राजलक्ष्मी शामिल हैं।
सीबीआई की टीम ने बी. राजशेखर राव को दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन स्थित निवास से गिरफ्तार किया, जबकि राजलक्ष्मी को रायपुर स्थित डीआरएम कार्यालय से हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों के ठिकानों पर तलाशी भी ली गई।
जांच में मिले दस्तावेज और नकदी
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान टीम को कुछ अहम दस्तावेज और नकदी भी मिली है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामले में कितने लोग कथित ठगी का शिकार हुए और कुल कितनी राशि का लेनदेन हुआ।
बताया जा रहा है कि रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने की शिकायतों के बाद सीबीआई ने जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में मिले इनपुट के आधार पर एक साथ कार्रवाई की गई।
पूछताछ जारी
सीबीआई फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वहीं, रायपुर डीआरएम कार्यालय ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जानकारी जांच एजेंसी से मिलने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
