मोबाइल पर एकसाथ बजा सायरन: NDMA का इमरजेंसी अलर्ट टेस्ट, लोग हुए हैरान

0
dbgifmagic-10_1777708374

मोबाइल पर एकसाथ बजा सायरन, आज सुबह 11:45 बजे कई लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक सायरन जैसी तेज आवाज के साथ अलर्ट मैसेज आने लगा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और भ्रम की स्थिति बन गई। बाद में स्पष्ट हुआ कि यह राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा किया गया इमरजेंसी मोबाइल अलर्ट सिस्टम का ट्रायल था।

इस परीक्षण के तहत 2 मई को सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक के जरिए लोगों के फोन पर अलर्ट भेजा गया। इसका मकसद भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं या आपात स्थिति के दौरान नागरिकों तक तुरंत और प्रभावी तरीके से सूचना पहुंचाना है। अलर्ट मैसेज में साफ तौर पर लिखा था कि यह केवल एक टेस्ट है और इसे लेकर घबराने या कोई प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है।

हालांकि, अचानक आए इस अलर्ट से कई लोग घबरा गए। जयपुर के ज्वेलर गिर्राज सोनी ने बताया कि सायरन की आवाज सुनकर वे चौंक गए और समझ नहीं पाए कि क्या करना चाहिए। उन्हें यह भी स्पष्ट नहीं था कि यह मैसेज किस विभाग की ओर से आया है।

कुछ लोगों को पहले से इसकी जानकारी थी। आदर्श नगर निवासी फरमान कुरैशी ने बताया कि एक दिन पहले ही उन्हें मैसेज मिला था, जिसमें इस तरह के अलर्ट के बारे में बताया गया था। इसके बावजूद अचानक सायरन बजने से कई लोग असहज हो गए।

वहीं, विष्णु सोनी ने बताया कि फोन पर बात करते समय अचानक अलर्ट आने से वे घबरा गए और उन्हें लगा कि कहीं कोई बड़ी घटना तो नहीं होने वाली। रामगंज के मुजम्मिल अहमद ने कहा कि एक साथ कई लोगों के फोन बजने लगे, जिससे लोग एक-दूसरे से पूछने लगे कि आखिर हो क्या रहा है।

प्रशासन के अनुसार, यह केवल एक तकनीकी परीक्षण था, जिसका उद्देश्य लोगों को आपदा के समय सतर्क करना है। आने वाले समय में इस तरह के अलर्ट सिस्टम का उपयोग आपात स्थितियों में समय रहते चेतावनी देने के लिए किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *