लुधियाना में 1 मई से दूध महंगा, प्रति किलो 5 रुपये की बढ़ोतरी
लुधियाना में 1 मई से दूध महंगा,पंजाब के लुधियाना में बढ़ती महंगाई और लेबर संकट के बीच डेयरी संचालकों ने दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। हैबोवाल और ताजपुर रोड डेयरी एसोसिएशन की संयुक्त बैठक में तय किया गया कि 1 मई 2026 से दूध की कीमतों में 5 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की जाएगी।
बढ़ते खर्चों के चलते लिया गया फैसला
डेयरी एसोसिएशन के प्रधान कुलदीप सिंह लाहोरिया और चेयरमेन परमिंदर सिंह बोबी ने बताया कि ताजपुर रोड और हम्बड़ा रोड डेयरी कॉम्प्लेक्स की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही लागत के कारण पुराने रेट पर दूध बेचना संभव नहीं रह गया है। नई दरें पूरे शहर में लागू होंगी।
चारा, मजदूरी और गैस संकट का असर
एसोसिएशन के अनुसार पशुओं के चारे की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके साथ ही लेबर की कमी और मजदूरी में इजाफा भी डेयरी कारोबार पर दबाव बना रहा है। गैस सिलेंडर की उपलब्धता में दिक्कतें भी कामकाज को प्रभावित कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर भी लागत बढ़ाने में एक कारण बताया गया है।
लोगों से सहयोग की अपील
डेयरी संचालकों ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में कीमतें बढ़ाना मजबूरी बन गया है। उन्होंने बताया कि लेबर संकट के चलते डेयरियों को संचालन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
1 मई से लागू होंगे नए रेट
- 65 रुपये प्रति किलो दूध अब 70 रुपये में मिलेगा
- 70 रुपये प्रति किलो दूध अब 75 रुपये में मिलेगा
- 75 रुपये प्रति किलो दूध अब 80 रुपये में मिलेगा
