लुधियाना में दिनदहाड़े स्नैचिंग, महिला का पीछा कर बदमाशों ने छीनी चेन
लुधियाना में दिनदहाड़े स्नैचिंग, लुधियाना के मॉडल टाउन एक्सटेंशन इलाके में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन बदमाशों ने सब्जी खरीद रही एक महिला को हथियार दिखाकर निशाना बनाया और उसके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मामला थाना फोकल प्वाइंट क्षेत्र का है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता रीमा चावला पत्नी आत्मजीत सिंह चावला, मॉडल टाउन एक्सटेंशन की रहने वाली हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 5 मई की शाम करीब 6 बजे वह घर के बाहर रेहड़ी से सब्जी लेने गई थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने महिला को दातर दिखाकर डराया और गले में पहनी सोने की चेन झपट ली।
महिला ने खुद को बचाने और चेन छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन बदमाश चेन लेकर भाग निकले। बताया जा रहा है कि जब महिला डरकर वहां से भागने लगी तो बाइक से उतरकर दो बदमाशों ने उसका पीछा भी किया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना फोकल प्वाइंट पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके की महिलाओं में भय का माहौल है और लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।
