पठानकोट सिविल अस्पताल में चोरी, पुलिस चौकी के बावजूद बाइक गायब

0
whatsappvideo2026-05-05at202521-ezgifcom-optimize-_1778034812

पठानकोट सिविल अस्पताल में चोरी, पठानकोट के सिविल अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी होने के बावजूद चोरियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। बीते 15 दिनों में चोरी की यह तीसरी घटना सामने आई है, जिससे कर्मचारियों और मरीजों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

ताजा मामला अस्पताल के पिछले हिस्से में स्थित ऑक्सीजन प्लांट का है, जहां तैनात ऑपरेटर शेरू की मोटरसाइकिल दिनदहाड़े चोरी हो गई। पीड़ित के अनुसार, वह कुछ देर के लिए काम से ओपीडी गया था। वापस लौटने पर उसकी बाइक मौके से गायब थी।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो युवक एक मोटरसाइकिल पर अस्पताल पहुंचे। एक युवक नीचे उतरकर आसपास की रेकी करता है, जबकि दूसरा बाइक स्टार्ट रखकर तैयार खड़ा रहता है। इसके बाद युवक बड़ी चालाकी से बाइक का लॉक तोड़ता है और उसे लेकर फरार हो जाता है। दोनों आरोपी अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर अस्पताल के पिछले गेट से निकल जाते हैं।

यह घटना अकेली नहीं है। इससे पहले अप्रैल माह में भी चोरों ने ऑटो में आकर अस्पताल के नवनिर्मित क्रिटिकल केयर यूनिट के बाहर से लाखों रुपए का लोहे का सामान चोरी कर लिया था। वहीं हाल ही में एक युवक नशा मुक्ति केंद्र से करीब 100 दवाइयों की गोलियां भी उठा ले गया था।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर मरीज इलाज के लिए आते हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें और कर्मचारियों को अपने सामान की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *