लुधियाना में दर्दनाक हादसा: माचिस से खेलते समय 3 साल की बच्ची झुलसी, पिता भी घायल
लुधियाना में दर्दनाक हादसा, पंजाब के लुधियाना के चंदन नगर इलाके में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां घर में खेल रही 3 साल की बच्ची आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। बच्ची ने नायलॉन की फ्रॉक पहन रखी थी, जिसने आग लगते ही तेजी से लपटें पकड़ लीं।
दरवाजा खोलते ही सामने आया खौफनाक मंजर
बच्ची के पिता सतपाल ने बताया कि वह काम से लौटकर जैसे ही घर पहुंचे और दरवाजा खोला, उनकी बेटी आग में घिरी हुई तड़प रही थी। यह देख उन्होंने बिना देर किए नंगे हाथों से आग बुझाने की कोशिश की।
इस दौरान सतपाल के हाथ और उंगलियां भी बुरी तरह झुलस गईं। उन्होंने बताया कि अगर वह कुछ मिनट और देर कर देते, तो बच्ची की जान बचाना मुश्किल हो जाता।
पहले स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए, फिर अस्पताल रेफर
घटना के बाद परिजन बच्ची को नजदीकी डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। बताया जा रहा है कि बच्ची करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुकी है।
सिविल अस्पताल में चल रहा इलाज, हालत गंभीर
फिलहाल बच्ची का लुधियाना के सिविल अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।
