मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर, कई जिलों में लू का अलर्ट; स्कूल खुले रहने पर सवाल

0
Gemini_Generated_Image_g9dcpeg9dcpeg9dc

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर, मध्य प्रदेश में इन दिनों तेज गर्मी लोगों पर भारी पड़ रही है। सुबह से ही तेज धूप और दोपहर में बढ़ती तपिश के बीच भी राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में स्कूल बंद नहीं किए गए हैं। हालांकि कुछ जगहों पर स्कूलों का समय कम किया गया है, लेकिन बच्चे दोपहर की तेज गर्मी में ही घर लौटने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग ने शनिवार को ग्वालियर और उज्जैन समेत 20 से अधिक जिलों में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है। इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, उमरिया, मंडला, बालाघाट, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और आलीराजपुर जैसे जिले शामिल हैं।

इनके अलावा बाकी जिलों में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। फिलहाल छतरपुर जिला सबसे ज्यादा गर्म दर्ज किया गया है, जहां खजुराहो और नौगांव में तापमान सबसे अधिक रहा।

44 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान

शुक्रवार को खजुराहो में पारा 43.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि नौगांव में 43.5 डिग्री और रतलाम में 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। सतना और टीकमगढ़ में 42.8 डिग्री, दमोह में 42.6 डिग्री और रीवा-मंडला में करीब 42.5 डिग्री तापमान रहा।

बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.1 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल में 41.6, इंदौर में 41.2, जबलपुर में 42 और उज्जैन में 41.5 डिग्री दर्ज किया गया।

अप्रैल के अंत में राहत के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार, महीने के आखिर में मौसम में बदलाव संभव है। 27 और 28 अप्रैल को ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो सकता है।

गर्मी से बचाव की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें और हल्के, ढीले व सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *