मदद के बहाने बुजुर्ग महिला से ठगी, गहने लेकर फरार हुआ युवक
मदद के बहाने बुजुर्ग महिला से ठगी, ग्वालियर में एक बार फिर बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर ठगी की वारदात सामने आई है। आरोपी युवक ने पहले मदद कर भरोसा जीता और फिर डॉक्टर को दिखाने का झांसा देकर महिला के गहने उतरवाकर फरार हो गया। घटना 22 अप्रैल दोपहर करीब 1 बजे दौलतगंज से कार्मल कॉन्वेंट स्कूल के बीच की बताई जा रही है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के बाला बाई बाजार निवासी 62 वर्षीय गंगा देवी अग्रवाल पापड़ खरीदने के लिए दौलतगंज गई थीं। वहां भारी ट्रैफिक होने के कारण वह सड़क पार करने में हिचकिचा रही थीं। तभी 25-26 साल का एक युवक उनके पास आया और उन्हें सुरक्षित सड़क पार कराई। महिला ने उसे आशीर्वाद देकर आगे बढ़ गईं।
करीब 20 मिनट बाद जब महिला पापड़ लेकर वापस लौटीं, तो वही युवक फिर वहां मिला। उसने बातचीत शुरू की और कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है। पहले से मदद कर भरोसा जीत चुके युवक की बातों में आकर महिला उसके साथ जाने को तैयार हो गईं।
आरोपी महिला को ई-रिक्शा से कार्मल कॉन्वेंट स्कूल के पास ले गया। वहां उसने बहाने से कहा कि डॉक्टर के पास जाने से पहले गहने उतार दें, नहीं तो चोरी हो सकती है। उसकी बातों में फंसकर महिला ने अपने कान के बाले और सोने की मोतियों की माला उतारकर उसे दे दी।
इसके बाद आरोपी महिला को स्कूल की सीढ़ियों पर बैठाकर पांच मिनट में लौटने की बात कहकर चला गया, लेकिन वापस नहीं आया। काफी देर इंतजार करने के बाद महिला पैदल घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक महिला से बातचीत करते और बाद में अलग दिशा में जाते हुए दिखाई दिया है।
सीएसपी मनीष यादव के अनुसार, आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों, खासकर बुजुर्गों को ऐसे अजनबियों से सतर्क रहने की सलाह दी है, जो मदद के बहाने धोखाधड़ी कर सकते हैं।
