मऊ में भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
मऊ में भीषण सड़क हादसा, उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। यह परिवार रांची में बेटी की शादी के बाद गोरखपुर लौट रहा था, तभी रास्ते में उनकी स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसा सुबह करीब 3 बजे दोहरीघाट थाना क्षेत्र में हुआ। प्रारंभिक जांच में ड्राइवर को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
डिवाइडर पार कर ट्रेलर से टकराई गाड़ी
पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर वाहन को कई मीटर तक घसीटता चला गया।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए।
मृतकों में माता-पिता और बेटा शामिल
इस दुर्घटना में गोरखपुर निवासी विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) और बेटे कृतार्थ (27) की मौत हो गई। वाहन चला रहे दो ड्राइवर—नीतीश कुमार (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28), जो बिहार के गया के रहने वाले थे—भी इस हादसे में मारे गए।
शादी से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, विनय श्रीवास्तव पेशे से शिक्षक थे। उनकी बेटी की शादी 20 अप्रैल को रांची में हुई थी। शादी के बाद परिवार 24 अप्रैल को किराए की स्कॉर्पियो से गोरखपुर के लिए निकला था। लंबी दूरी को देखते हुए वाहन में दो ड्राइवर रखे गए थे।
हादसे के वक्त गाड़ी करीब 90–100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। आशंका है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया।
गैस कटर से निकाले गए शव
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन वाहन इस कदर क्षतिग्रस्त था कि शवों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी।
काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को काटकर शव बाहर निकाले गए। सभी शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
