प्रेम प्रसंग के विवाद में हत्या के बाद बांसवाड़ा में हिंसा, 35 घरों की बस्ती जलाई
प्रेम प्रसंग के विवाद में हत्या, बांसवाड़ा जिले में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक की हत्या के बाद आक्रोशित भीड़ ने 35 घरों की बस्ती पर हमला कर दिया। करीब 300 लोगों की भीड़ ने सड़क जाम कर बस्ती की घेराबंदी की और फिर घरों में आग लगा दी। हमलावरों ने रास्तों पर लकड़ियां और पत्थर डालकर आवाजाही भी रोक दी।
अचानक हुए इस हमले से बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों से जान बचाकर भागने को मजबूर हो गए, कई लोग खाना बनाते हुए ही सबकुछ छोड़कर निकल गए। घरों में रखा सामान, अनाज, बिस्तर और यहां तक कि मवेशी भी आग की चपेट में आ गए। जहां एक दिन पहले तक रौनक थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है और जले हुए मकानों के ढांचे ही नजर आ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना टामटिया गांव की है, जो जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां अलग-अलग बस्तियों में रहने वाले युवक-युवती के बीच प्रेम संबंध को लेकर विवाद चल रहा था। युवती का भाई कई बार युवक को समझा चुका था, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। रविवार शाम करीब 6 बजे युवक ने युवती के भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
इस वारदात के बाद दूसरे पक्ष के लोग भड़क उठे और बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर संबंधित बस्ती पर हमला बोल दिया। भीड़ ने पहले सड़क जाम की और फिर बस्ती में घुसकर घरों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस को मौके तक पहुंचने से रोकने के लिए रास्ते भी बाधित किए गए।
एसपी सुधीर जोशी के मुताबिक, मामले में 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है और 5 थानों की पुलिस—लोहारिया, मोटागांव, खमेरा, गढ़ी और घाटोल—इलाके में तैनात है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
