अनंत नगर योजना में फिर मौका: 498 प्लॉटों के लिए 28 अप्रैल से आवेदन शुरू
अनंत नगर योजना में फिर मौका, लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अनंत नगर योजना के तहत एक बार फिर भूखंडों की बिक्री की घोषणा की है। इस चरण में कुल 498 प्लॉटों के लिए 28 अप्रैल से 27 मई 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। सभी आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के जरिए किए जाएंगे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी और इच्छुक आवेदक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए पहले पंजीकरण पुस्तिका लेनी होगी, जिसके बाद प्लॉट की अनुमानित कीमत का 5% पंजीकरण शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। योजना मोहन रोड पर करीब 785 एकड़ में विकसित की जा रही है, जहां लगभग 1.5 लाख लोगों के रहने की व्यवस्था होगी। आधुनिक ग्रिड पैटर्न पर तैयार इस टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, भूमिगत बिजली लाइन, स्वच्छ जल आपूर्ति और ईवी चार्जिंग जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
योजना में करीब 130 एकड़ क्षेत्र ग्रीन स्पेस और पार्क के लिए निर्धारित किया गया है। साथ ही सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जीरो लिक्विड डिस्चार्ज और सामुदायिक केंद्र जैसी स्मार्ट सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इस चरण में आलोक खंड के 493, आदर्श खंड के 4 और आकाश खंड का 1 प्लॉट शामिल है। इससे पहले तीन चरणों में 1283 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, जिनके लिए 29 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे।
इस बार उपलब्ध 498 प्लॉट तीन श्रेणियों में होंगे—288 वर्गमीटर के 155 प्लॉट, 200 वर्गमीटर के 178 प्लॉट और 162 वर्गमीटर के 165 प्लॉट।
