ग्वालियर में जीजा का साले पर जानलेवा हमला, 24 बार चाकू से वार; वीडियो वायरल
ग्वालियर में जीजा का साले पर जानलेवा हमला, ग्वालियर के थाटीपुर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति ने अपने साले पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी जीजा पीड़ित पर लगातार वार करता नजर आ रहा है। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता अभी फरार है।
जानकारी के मुताबिक, मुरैना निवासी देवेंद्र रजक अपनी बहन को लेने उसके ससुराल ग्वालियर आया था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसकी बहन को परेशान किया जा रहा था। 25 अप्रैल को बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि जीजा कृष्णा रजक ने घर से सब्जी काटने वाला चाकू लाकर देवेंद्र पर हमला कर दिया। उसने पेट, गर्दन, पीठ और सीने पर कई वार किए, जिससे देवेंद्र खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि उसका भाई और पिता भी बाद में वहां से भाग निकले। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए कृष्णा रजक और उसके भाई सोनू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
सीएसपी मुरार अतुल सोनी के अनुसार, यह हत्या के प्रयास का मामला है और पुलिस जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लेगी।
