समाना नगर कौंसिल चुनाव में बवाल, पथराव-लाठीचार्ज के बीच युवक झुलसा

0
b837869b-58a6-496e-8c82-28f071dbc765_1779794601629

समाना नगर कौंसिल चुनाव में बवाल, पंजाब के पटियाला जिले के समाना नगर कौंसिल चुनाव के दौरान मंगलवार को कई वार्डों में भारी हंगामा देखने को मिला। बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बाद लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। कई जगह पथराव और लाठीचार्ज हुआ, जबकि हंगामे के बीच एक युवक बिजली करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया

जानकारी के अनुसार, समाना की कृष्णा बस्ती स्थित पोलिंग बूथ पर विवाद उस समय शुरू हुआ जब स्थानीय लोगों ने बाहरी युवकों के पोलिंग स्टेशन में प्रवेश का विरोध किया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

इसी दौरान एक युवक छत पर खड़ा था, जो ऊपर से गुजर रही बिजली की तार की चपेट में आ गया। उसे तेज करंट लगा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक की पहचान याकूब पुत्र चिट्ठी राम, निवासी कृष्णा बस्ती, समाना के रूप में हुई है।

घायल याकूब को तुरंत समाना अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत नाजुक है और ऐसे मामलों में मरीज को कम से कम 48 घंटे तक विशेष निगरानी में रखा जाता है।

मौके पर पहुंचे वैभव चौधरी ने बताया कि वार्ड नंबर 19 में दो गुटों के विवाद के बाद पुलिस पर पथराव हुआ था। पुलिस ने सीमित बल प्रयोग कर हालात को नियंत्रित किया और फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *