कुरुक्षेत्र में लिव-इन पार्टनर पर दुकानदार की हत्या का आरोप, बच्चों संग फरार

0
copyofdbtempphotoresizemarathi32-ezgifcom-resize_1778939436

कुरुक्षेत्र में लिव-इन पार्टनर पर दुकानदार की हत्या का आरोप, हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक दुकानदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की बेटी ने पिता की लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद महिला अपने दो बच्चों के साथ फरार हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मोहननगर निवासी 46 वर्षीय रामअवतार के रूप में हुई है, जो अग्रसेन चौक के पास जनरल स्टोर चलाते थे। करीब एक साल पहले उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। पत्नी के निधन के बाद रामअवतार की पहचान दिल्ली के नरेला निवासी शालू नामक महिला से हुई। पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल से महिला अपने दो बच्चों के साथ रामअवतार के घर में रह रही थी।

परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद महिला महंगे सामान की मांग करने लगी। मृतक की बेटी शुभम के मुताबिक, पिता ने घर में नया फ्रिज, अलमारी और बेड खरीदा था। साथ ही महिला के बेटे का अच्छे स्कूल में दाखिला भी कराया गया था। इसके बावजूद घर में विवाद बढ़ने लगे थे।

परिवार के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे रामअवतार के चीखने की आवाज सुनाई दी। उस समय घर के अन्य सदस्य नीचे कमरे में थे, जबकि रामअवतार, महिला और उसके बच्चे ऊपर मौजूद थे। बेटी जब ऊपर पहुंची तो महिला ने उसे वापस नीचे भेज दिया। कुछ देर बाद दोबारा कमरे में जाने पर रामअवतार घायल अवस्था में मिले।

परिजनों ने बताया कि रामअवतार के सिर पर गंभीर चोट थी और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से LNJP अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फोरेंसिक जांच में भी सिर में गंभीर चोट और शरीर पर चोट के निशान मिलने की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि बेटी के बयान के आधार पर महिला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी महिला की तलाश जारी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *