करनाल में स्कूल वैन चालक की सनसनीखेज वारदात, वैज्ञानिक की मां का गला दबाकर हत्या की कोशिश

0
cdc2bc98-6b36-44f2-8f03-2bc9897a92bd1778326015923-_1778327334

करनाल में स्कूल वैन चालक की सनसनीखेज वारदात, हरियाणा के करनाल स्थित केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (CSSRI) के आवासीय परिसर में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। एक स्कूल वैन चालक ने वैज्ञानिक के घर में घुसकर अकेली बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला कर दिया और गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। आरोपी ने महिला की सोने की चेन लूटने का भी प्रयास किया, लेकिन महिला की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों की सूझबूझ से आरोपी मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, घटना संस्थान परिसर के क्वार्टर डी-15 की है, जहां वैज्ञानिक डॉ. अमरेश चौधरी का परिवार रहता है। डॉ. चौधरी का ढाई साल का बेटा कैम्ब्रिज मोंटेसरी पब्लिक स्कूल में पढ़ता है, जिसे रोज स्कूल छोड़ने और लाने का काम कृष्णकांत नामक वैन चालक करता था। आरोपी को परिवार और घर की स्थिति की पूरी जानकारी थी, जिसका उसने फायदा उठाने की कोशिश की।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घर में डॉ. चौधरी की 62 वर्षीय मां सुमन देवी अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी कृष्णकांत घर की चारदीवारी फांदकर परिसर में दाखिल हुआ और दरवाजे की घंटी बजाई। जब सुमन देवी ने दरवाजा खोला तो आरोपी ने झूठ बोलते हुए कहा कि उनके पोते की तबीयत खराब हो गई है और उसे कपड़े बदलने हैं। भरोसा जीतने के लिए उसने शौचालय जाने का बहाना बनाया और घर के अंदर प्रवेश कर गया।

शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद जैसे ही वह शौचालय से बाहर निकला, उसने अचानक पीछे से सुमन देवी पर हमला कर दिया। आरोपी ने जेब से कपड़ा निकालकर महिला का गला दबाने की कोशिश की और उनके गले में पहनी सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। इस दौरान महिला और आरोपी के बीच जमकर संघर्ष हुआ। हमले में महिला के चेहरे, सिर और गले पर गंभीर चोटें आईं।

हालांकि, सुमन देवी ने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से चीखने लगीं। उनकी आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले डॉ. असीम दत्ता और माण्डवी यादव तुरंत मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों को आता देख आरोपी घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। वह संस्थान की बाहरी दीवार फांदकर भागना चाहता था, लेकिन दीवार पर लगे सुरक्षात्मक तारों में उसका हाथ फंस गया। इसी बीच स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कृष्णकांत को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते पड़ोसियों के पहुंचने से महिला की जान बच गई।

इस पूरी वारदात का वीडियो घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले से परिवार को जानता था और घर में अकेलेपन का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देने पहुंचा था।

डॉ. अमरेश चौधरी की शिकायत पर रामनगर थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी का मकसद केवल लूट था या वह किसी बड़ी वारदात की योजना बनाकर आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *