BPSC TRE-4 वैकेंसी की मांग को लेकर पटना में प्रदर्शन, छात्र नेता हिरासत में

0
comp-320_1779261028

BPSC TRE-4 वैकेंसी की मांग को लेकर पटना में प्रदर्शन, छात्र नेता हिरासत में, बिहार में BPSC TRE-4 वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर बुधवार को पटना में अभ्यर्थियों ने एक बार फिर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति देखने को मिली। पुलिस ने प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही कई अभ्यर्थियों और छात्र नेताओं को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थी जंजीर पहनकर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। उनका कहना था कि लंबे समय से TRE-4 भर्ती प्रक्रिया को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की जा रही है, जिससे लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। प्रदर्शनकारी सरकार से जल्द वैकेंसी जारी करने की मांग कर रहे थे।

इस दौरान छात्र नेता रिंकल यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, उन्हें पुलिसकर्मी पकड़कर ले गए। रिंकल यादव पहले पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रह चुके हैं। वहीं, छात्र नेता खुशबू पाठक को भी प्रदर्शन शुरू होने से पहले हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

प्रदर्शन को देखते हुए पटना कॉलेज और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर वाटर कैनन वाहन भी तैनात किए गए। कुछ महिला अभ्यर्थियों को भी पुलिस द्वारा हटाए जाने के वीडियो सामने आए हैं।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षक भर्ती को लेकर सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए।

इसी बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी बिहार बोर्ड कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पूछताछ-सह-शिकायत निवारण केंद्र का उद्घाटन किया। पत्रकारों ने जब उनसे अभ्यर्थियों के प्रदर्शन और कार्रवाई को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया के बाद प्रेस वार्ता समाप्त कर दी।

फिलहाल, TRE-4 वैकेंसी को लेकर सरकार या आयोग की ओर से कोई नई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है, जबकि अभ्यर्थियों का विरोध लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *