नूंह में निकाह बना रणक्षेत्र, दिखावे में भिड़े दो जीजा, पथराव
नूंह में निकाह बना रणक्षेत्र, दिखावे में भिड़े दो जीजा, नूंह जिले के नहेदा गांव में एक शादी समारोह उस समय हिंसक टकराव में बदल गया, जब ‘दिखावे’ की होड़ ने रिश्तों को पीछे छोड़ दिया। निकाह की खुशियां अचानक उस वक्त तनाव में बदल गईं, जब दूल्हे के दो जीजा आपस में भिड़ गए और मामला लात-घूंसे से होते हुए पत्थरबाजी तक पहुंच गया।
मंगलवार को पप्पू कुरैशी के बेटे अरमान की बारात पलवल जिले के आली मेव जानी थी। बारात रवाना होने से पहले घर में पारंपरिक ‘सलाम’ की रस्म चल रही थी। इसी दौरान बड़े जीजा नदीम ने दूल्हे को नोटों की माला पहनाई। तभी छोटे जीजा बूल्लर ने अलग अंदाज में अपना ‘स्टेटस’ दिखाने के लिए छत पर चढ़कर आतिशबाजी शुरू कर दी और नोटों की गड्डियां हवा में उछालने लगा।
बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन को बड़े जीजा ने अपनी बेइज्जती के रूप में लिया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते शादी का माहौल मारपीट और पत्थरबाजी में बदल गया।
जहां एक तरफ शादी की खुशियां होनी चाहिए थीं, वहीं घर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को काबू में किया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद समाज के वरिष्ठ लोगों ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के बीच बिरादरी स्तर पर समझौता करा दिया गया। शादी की गरिमा बनाए रखने के लिए मामला शांत कर दिया गया। फिलहाल पुलिस को इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, इसलिए कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, यदि शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
