रायपुर में जीजा ने साली की गोली मारकर हत्या, दूसरी गंभीर घायल

0
8_1778035465

रायपुर में जीजा ने साली की गोली मारकर हत्या, रायपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मोवा थाना क्षेत्र में नशे में धुत एक बाउंसर ने अपनी पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचकर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस घटना में एक साली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

आरोपी की पहचान जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू (32) के रूप में हुई है, जो पेशे से बाउंसर है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई।

पत्नी से संपर्क न होने और गुस्से में आरोपी रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच मोवा बाजार स्थित ससुराल पहुंचा। वहां उसने बच्चे से मिलने की जिद की। इस दौरान उसकी साली गीतांजलि वर्मा (26) और दुर्गेश्वरी वर्मा (24) बाहर आईं और उसे शांत रहने व वापस जाने की समझाइश दी।

बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर जीतेंद्र ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली गीतांजलि के माथे पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी। दूसरी गोली दुर्गेश्वरी की पीठ में लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गई।

आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया। वहीं दुर्गेश्वरी का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि घर के बाहर आकर सड़क पर हवाई फायरिंग की। इसके बाद वह खुद ही थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि घटना की मुख्य वजह पारिवारिक विवाद और शक था, जिसने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *