उदयपुर में पटाखों की दुकान में आग लगाने की कोशिश, CCTV में कैद आरोपी फरार

0
comp-5_1777868981

उदयपुर में पटाखों की दुकान में आग, उदयपुर के सबसिटी सेंटर इलाके में रविवार रात एक गंभीर घटना सामने आई, जहां बदमाशों ने पेट्रोल छिड़ककर पटाखों की दुकान में आग लगाने की कोशिश की। घटना रात करीब 8:40 बजे की है। आग लगाते ही आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।

आग धीरे-धीरे दुकान के काउंटर की ओर बढ़ रही थी, तभी आसपास के दुकानदारों और राहगीरों की नजर पड़ी। उन्होंने तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दुकान मालिक और स्थानीय लोगों ने मिलकर पानी व अन्य साधनों से आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग दुकान के अंदर रखे पटाखों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था।

दुकान मालिक लोकेश लालवानी के मुताबिक, दुकान में करीब 50 लाख रुपए के पटाखे रखे थे। इसी बाजार में दर्जनभर से ज्यादा पटाखों की दुकानें और गोदाम मौजूद हैं, जिससे खतरा और भी बड़ा हो सकता था।

सीसीटीवी फुटेज में एक युवक, जिसकी पहचान उमेश कनारिया के रूप में बताई जा रही है, अपने दो साथियों के साथ बाइक पर आता दिख रहा है। उसके हाथ में पेट्रोल से भरी केन है। फुटेज में वह दुकान के शटर और बाहर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगाता दिखाई देता है, जिसके बाद तीनों मौके से भाग जाते हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे आपसी रंजिश बताई जा रही है। दुकान मालिक का कहना है कि दुकान के पास खाली प्लॉट पर शराबियों का जमावड़ा रहता है। उन्होंने कई बार उन्हें वहां बैठने और शोर-शराबा करने से रोका था, जिससे आरोपी उनसे नाराज हो गया था।

स्थानीय व्यापारियों ने भी आरोप लगाया है कि इस समस्या की शिकायत कई बार पुलिस से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले में हिरणमगरी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *