लोन के झांसे में मंदिर ले जाकर महिला से ठगी, जेवरात लेकर फरार हुई आरोपी

0
1_1777228202

लोन के झांसे में मंदिर ले जाकर महिला से ठगी, ग्वालियर में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली महिला को लोन दिलाने का झांसा देकर मंदिर परिसर में उसके जेवरात ठग लिए गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोल पहाड़िया क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय बबीता खटीक दो दिन पहले शाम को ड्यूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान उन्होंने मोहल्ले में एक महिला को अन्य महिलाओं से बातचीत करते देखा। पूछताछ करने पर पता चला कि वह महिला लोन दिलाने का काम करती है। बबीता ने भी लोन लेने की इच्छा जताई, जिस पर आरोपी महिला ने उसे तुरंत योग्य बताते हुए प्रक्रिया पूरी करने के लिए अपने साथ चलने को कहा।

आरोपी महिला बबीता और उसकी 10 वर्षीय बेटी को ई-रिक्शा से खेड़ापति मंदिर लेकर गई। मंदिर के बाहर पेड़ के नीचे बैठाकर उसने बातचीत के दौरान कहा कि इतने गहने पहनकर जाने से लोन नहीं मिलेगा। इसके बाद उसने बबीता से सोने का मंगलसूत्र, बीजासेन हार, कानों के टॉप्स, अंगूठी, चांदी की पायजेब, दो चूड़ियां और करीब 3 हजार रुपए उतरवाकर एक पर्स में रखवा दिए। वह पर्स बबीता की बेटी को पकड़ा दिया गया।

इसके बाद आरोपी महिला बबीता को मंदिर के अंदर ले गई। दर्शन कराने के बाद उसने मंदिर के पीछे एक स्थान पर बैठाकर कहा कि जब नाम पुकारा जाएगा, तब अंदर आना। कुछ देर तक इंतजार करने के बाद जब कोई बुलावा नहीं आया, तो बबीता को शक हुआ। वह बाहर आईं तो देखा कि उनकी बेटी अकेली खड़ी है। बेटी ने बताया कि वही महिला पर्स लेकर वहां से चली गई।

घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी महिला पीड़िता को अपने साथ ले जाते हुए नजर आई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस ने लोगों को ऐसे झांसे से सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर जब कोई अजनबी आर्थिक मदद या लोन का लालच देकर साथ ले जाने की कोशिश करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *