भिलाई में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा
भिलाई में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने की कोशिश, भिलाई। भिलाई के भिलाई-3 थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान इलाके में ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता से समय रहते बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया और आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
चॉकलेट का लालच देकर ले जा रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक युवक उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने झाड़ियों और सुनसान इलाके की ओर ले जाने लगा।
गांव के कुछ लोगों को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद वे उसके पीछे गए और बच्ची को सुरक्षित निकाल लिया।
ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा
बच्ची को सुरक्षित बचाने के बाद ग्रामीणों ने युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मितानिन कर रही है बच्ची की देखभाल
बताया जा रहा है कि बच्ची की मां नहीं है और पिता काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। उसकी देखभाल एक मितानिन द्वारा की जा रही है, जिसने उसे अपने पास रखा हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
