5वीं-4वीं की दो मासूम बच्चियां नाले में डूबीं, मौत से गांव में मातम
5वीं-4वीं की दो मासूम बच्चियां नाले में डूबीं, राजस्थान के बांसवाड़ा में गड्ढे में भरे पानी में नहाने गईं दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीणों ने करीब 4 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद रात करीब 1 बजे दोनों के शव बरामद किए गए।
हादसा आबापुरा थाना क्षेत्र के नादिया गांव स्थित उमरी नाला डाबरा में हुआ। पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चियां दोपहर करीब 1 बजे घर से डेढ़ किलोमीटर दूर नहाने गई थीं, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें आखिरी बार गड्ढे के पास देखा गया था।
मृत बच्चियों की पहचान भूली (9) और रोनिका (8) के रूप में हुई है। भूली 5वीं और रोनिका 4वीं कक्षा में पढ़ती थी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
