खाने के पैसे मांगने पर होटल मैनेजर की पिटाई, होटल में तोड़फोड़ कर आरोपी फरार

0
whatsappvideo2026-05-26at120435pm-ezgifcom-resize_1779777715

खाने के पैसे मांगने पर होटल मैनेजर की पिटाई, राजस्थान के अलवर शहर में खाने के पैसे मांगना एक होटल मैनेजर को भारी पड़ गया। टेल्को चौराहे के पास स्थित एक होटल में 4 से 5 युवकों ने मैनेजर के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। आरोपियों ने लात-घूंसों, थप्पड़ों, कुर्सियों और डंडों से हमला किया, जिससे मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

पीड़ित अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह टेल्को सर्किल के पास स्थित एक होटल में मैनेजर के पद पर काम करता है। 24 मई की रात करीब 11:40 बजे एक युवक होटल पर पहुंचा और खाना पैक करवाया। जब उससे खाने के पैसे मांगे गए, तो वह गाली-गलौज करने लगा।

अमित के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर युवक ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में दो कारों में सवार करीब 5 युवक होटल पहुंचे और आते ही होटल में घुसकर हमला शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार, लोहे के पाइप, डंडों और लात-घूंसों से मैनेजर की जमकर पिटाई की।

हमले में मैनेजर अमित के सिर, हाथ, पैर, पीठ और छाती पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसके गले से चांदी की चेन भी छीनकर ले गए। घटना के दौरान होटल में मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर अमित को आरोपियों से बचाया।

हमलावरों ने सिर्फ मारपीट ही नहीं की, बल्कि होटल में जमकर तोड़फोड़ भी की। होटल के काउंटर, कंप्यूटर सिस्टम, कुर्सियां और मुख्य गेट के शीशे तोड़ दिए गए। होटल संचालक के अनुसार, इस घटना में करीब 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

मारपीट और तोड़फोड़ के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते मैनेजर को जान से मारने की धमकी भी दे गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *