21 से 23 मई तक दिल्ली में ट्रकों की एंट्री बंद, फरीदाबाद ट्रांसपोर्टरों का ऐलान
21 से 23 मई तक दिल्ली में ट्रकों की एंट्री बंद, हरियाणा के फरीदाबाद जिले के ट्रांसपोर्टरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर जिले के ट्रांसपोर्टर 21 से 23 मई तक दिल्ली में मालवाहक वाहनों की एंट्री नहीं करेंगे। इस सांकेतिक हड़ताल के तहत तीन दिनों तक कोई भी ट्रांसपोर्टर दिल्ली के लिए गाड़ियां नहीं भेजेगा।
ऑल फरीदाबाद ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रधान सुरेश शर्मा ने बताया कि ट्रांसपोर्टरों की प्रमुख मांगों में बीएस-6 वाहनों पर लगाए गए ग्रीन टैक्स को समाप्त करना, बीएस-4 वाहनों के दिल्ली प्रवेश पर लगी रोक हटाना और कथित मनमाने चालानों पर रोक लगाना शामिल है। उनका कहना है कि मौजूदा नियमों के कारण ट्रांसपोर्ट कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के महासचिव सुभाष कौशिक ने आरोप लगाया कि कई बार बिना वाहन रोके ही चालान भेज दिए जाते हैं, जिससे ट्रांसपोर्टरों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिन वाहनों के सभी दस्तावेज पूरे हैं, उन्हें भी बेवजह कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि वे लंबे समय से सरकार के साथ इन मुद्दों पर संवाद कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उनकी मांग है कि बीएस-4 वाहनों को उनकी तय आयु पूरी होने तक दिल्ली में संचालन की अनुमति दी जाए, जबकि बीएस-6 गाड़ियों से ग्रीन टैक्स पूरी तरह हटाया जाए।
फरीदाबाद ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने साफ किया है कि यदि 23 मई के बाद भी उनकी मांगों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जा सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्ली में माल परिवहन सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
