फरीदकोट सेंट्रल जेल में फिर बरामद हुए मोबाइल, 5 बंदियों पर केस दर्ज
फरीदकोट सेंट्रल जेल में फिर बरामद हुए, फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में बंद कैदियों और हवालातियों के पास मोबाइल मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में जेल प्रशासन की तलाशी के दौरान अलग-अलग बैरकों से पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिसके बाद पांच बंदियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
केंद्रीय मॉडर्न जेल फरीदकोट के सहायक अधीक्षक गुरचरण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जेल अधीक्षक के निर्देश पर समय-समय पर बैरकों की जांच की जाती है। इसी क्रम में रविवार रात सघन तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान हवालाती भूपेंद्र सिंह उर्फ सोनू (मोगा), विलियम मसीह (गुरदासपुर) और सुखवीर सिंह (फाजिल्का) के साथ-साथ कैदी सुखराज सिंह (मोगा) और सागर (फिरोजपुर) के पास से दो टचस्क्रीन और तीन कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामदगी के बाद थाना सिटी पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। बार-बार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच अधिकारी एएसआई गुरपाल सिंह के अनुसार, सभी आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मोबाइल फोन जेल के अंदर कैसे पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी जेल कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही बरामदगी से यह साफ है कि जेल के भीतर प्रतिबंधित वस्तुओं की सप्लाई को लेकर कहीं न कहीं सिस्टम में खामी है, जिसे ठीक करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
