मोबाइल विवाद में युवक की हत्या: 2 और आरोपी गिरफ्तार, बेल्ट-डंडों से पीटकर ली थी जान

0
comp-1511778307806_1779793109

मोबाइल विवाद में युवक की हत्या, राजस्थान के सवाईमाधोपुर में मोबाइल को लेकर हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि युवक मनकुश मीणा की हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी सुरेन्द्र और अजीत को पकड़ लिया गया है। इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 6 बदमाशों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी सुरेन्द्र का मोबाइल मनकुश के पास था। आरोप है कि कई बार मांगने के बावजूद मनकुश मोबाइल वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने साजिश रची और युवक का अपहरण कर लिया।

मामला कुंडेरा थाना क्षेत्र के उलियाना गांव का है। घटना 8 मई की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय मनकुश मीणा (18) का परिवार शादी समारोह में गया हुआ था और घर पर वह अपनी एक बहन के साथ मौजूद था। इसी दौरान बिना नंबर की थार गाड़ी में सवार 7-8 बदमाश वहां पहुंचे और मोबाइल चोरी के शक में मनकुश को जबरन उठाकर ले गए।

अपहरण के बाद आरोपियों ने मनकुश के पिता को फोन कर कहा था कि “हमारा मोबाइल दिलवा दो।” पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने युवक को बेल्ट और डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को घर से करीब 10 किलोमीटर दूर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

अगली सुबह 9 मई को सुबह करीब 5:30 बजे मनकुश का शव सड़क किनारे मिला। इसके बाद मृतक के पिता सुखराम पुत्र हरपाल निवासी उलियाना ने कुंडेरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और अब तक अधिकांश आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

परिवार के मुताबिक, मनकुश चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी तीन बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक छोटी बहन अभी अविवाहित है। बेटे की मौत के बाद परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *