दुर्ग में तेज रफ्तार कार का कहर, रेड सिग्नल पर खड़े बाइक सवारों को कुचला

0
comp-1-68_1779019588

दुर्ग में तेज रफ्तार कार का कहर, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक कार ने रेड सिग्नल पर खड़ी दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक नाबालिग समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का एक निजी अस्पताल के ICU में इलाज जारी है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना सुपेला थाना क्षेत्र के चंद्रामौर्या चौक की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दो अलग-अलग बाइक और स्कूटी पर सवार तीन लोग AC रिपेयरिंग के काम से कहीं जा रहे थे। वे सुपेला से पावर हाउस की ओर जा रहे थे और रेड सिग्नल पर रुके हुए थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार कार (CG07BR0571) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद घायल युवक सड़क पर तड़पते रहे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक नाबालिग स्कूटी सवार और एक युवक शामिल हैं। तीसरे घायल युवक सलीम का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार चालक सागर जायसवाल को हिरासत में ले लिया है। साथ ही, दुर्घटना के कारणों की पुष्टि के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह हो सकती है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *