प्रेमिका से शादी की जिद में 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
प्रेमिका से शादी की जिद में 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा, झारखंड के गिरिडीह जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर सोमवार को हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। बेंगाबाद प्रखंड के मोतिलेदा पंचायत अंतर्गत लखठाही गांव में एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि घंटों तक युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे।
जानकारी के अनुसार, लखठाही गांव निवासी 25 वर्षीय संजय रजक सोमवार सुबह करीब 4 बजे गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि संजय का नगर थाना क्षेत्र के चूड़ी मोहल्ला की रहने वाली एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी चल रही थी और कुछ दिन पहले युवती खुद युवक के घर भी पहुंची थी।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत शुरू हो चुकी थी और सहमति बनने की बात भी सामने आई थी। लेकिन इसी बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसके बाद युवती पक्ष की ओर से युवक और उसके परिजनों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। बताया जा रहा है कि इस घटना से युवक काफी मानसिक रूप से आहत था।
इसी नाराजगी और तनाव के बीच सोमवार सुबह संजय सीधे गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहीं से अपनी मांगें रखने लगा। युवक का कहना था कि जब तक उसकी प्रेमिका और उसके परिवार के लोगों को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। टावर पर युवक को देखकर गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर बेंगाबाद थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण युवक को लगातार समझाने का प्रयास करते रहे। हालांकि युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। पुलिस उससे मोबाइल फोन के जरिए बातचीत करती रही, ताकि उसे शांत कर सुरक्षित नीचे उतारा जा सके और किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों ने प्रेमिका के परिजनों को भी मौके पर बुलाया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन इसके बावजूद युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। वह लगातार अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा।
करीब एक घंटे बाद प्रेमिका भी मौके पर पहुंची। इसके बाद युवक ने मोबाइल फोन के जरिए उससे बातचीत की और हैरान करने वाली मांग रखते हुए कहा कि वह भी टावर पर ऊपर आए और दोनों वहीं शादी करेंगे। युवक ने यह भी शर्त रखी कि उसके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस ली जाए और नीचे उतरने के बाद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं करेगी और न ही थाने ले जाएगी।
घंटों तक चले इस ड्रामे के दौरान युवक एक बार धीरे-धीरे टावर से आधी ऊंचाई तक नीचे आया, जिससे लोगों को उम्मीद जगी कि वह मान गया है। लेकिन कुछ देर बाद वह फिर रुक गया और बाद में वापस टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया।
