दोस्त का बदला लेने पहुंचे आरोपियों ने कार चढ़ाई, युवक की मौत; मुख्य आरोपी जस्सू गिरफ्तार

0
comp-17_1779045268

दोस्त का बदला लेने पहुंचे आरोपियों ने कार चढ़ाई, युवक की मौत; मुख्य आरोपी जस्सू गिरफ्तार, हरियाणा के सिरसा जिले में खाजाखेड़ा गांव के युवक सोनू की कार से कुचलकर हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले का मुख्य आरोपी जसविंद्र उर्फ जस्सू को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी सिरसा शहर के वार्ड नंबर 27 स्थित गुरु तेग बहादुर नगर का रहने वाला है। पुलिस का आरोप है कि उसी ने कार चढ़ाकर सोनू की जान ली। फिलहाल आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस जांच के अनुसार, यह पूरा मामला पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा हुआ है। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी जस्सू ने घटना से पहले अपने एक जानकार युवक को शिकायतकर्ता सागर की लोकेशन पता करने और रेकी के लिए भेजा था। लेकिन सागर और आसपास के लोगों को उस युवक पर शक हो गया। लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। किसी तरह जान बचाकर वह युवक मुख्य आरोपी जस्सू के पास पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि अपने दोस्त के साथ हुई मारपीट का बदला लेने के लिए जस्सू ने हमला करने की योजना बनाई। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ कार लेकर सागर के मोहल्ले पहुंचा। आरोप है कि उसका मकसद सागर को निशाना बनाना था। इसी दौरान आरोपी अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला चुका था।

पुलिस के मुताबिक, हमलावर सागर को मारने की नीयत से आए थे, लेकिन वह किसी तरह बच गया। इसी दौरान मुख्य आरोपी जस्सू ने तेज रफ्तार कार से सागर को कुचलने की कोशिश की। हालांकि कार की चपेट में उसका पड़ोसी सोनू आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोग एकजुट हो गए। मौके का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी जस्सू कार लेकर फरार हो गया, जबकि उसके अन्य साथी सागर की तलाश में जुट गए। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध युवक रातभर इलाके में घूमते रहे और हमले की फिराक में थे। इस वजह से पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया। घटना से जुड़े कई दृश्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गए हैं।

परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब घायल सोनू को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब भी हमलावरों ने रास्ते में हमला करने की कोशिश की। हालांकि इस बीच सोनू ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने अब तक इस मामले में मुख्य आरोपी जस्सू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जस्सू को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि घटना की पूरी साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा सके। पुलिस ने घायल सोनू के बयान के आधार पर पांच नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि शिकायतकर्ता सागर और जस्सू के बीच विवाद करीब एक साल पुराना था। सागर ने पुलिस को बताया कि वह सैलून का काम करता है और करीब एक साल पहले एक शादी समारोह में उसकी जस्सू से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि उसी विवाद के बाद से जस्सू उससे रंजिश रखने लगा था।

सागर के अनुसार, घटना वाले दिन यानी 26 अप्रैल की शाम वह गांव के सरकारी स्कूल के पास किराना दुकान पर बैठा था, तभी तीन युवक बाइक पर वहां पहुंचे और उसकी पहचान करते हुए मारपीट शुरू कर दी। वह किसी तरह वहां से बचकर भाग गया, जबकि एक आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया था।

इसके कुछ घंटे बाद रात करीब 10:15 बजे जब सागर अपने नाना और पड़ोसियों के साथ घर के बाहर खड़ा था, तभी सफेद रंग की कार में सवार आरोपी वहां पहुंचे और कार चढ़ाकर हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान पड़ोसी सोनू कार की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *