टिहरी गढ़वाल में बड़ा हादसा: पिकअप खाई में गिरी, 8 की मौत, 2 घायल
टिहरी गढ़वाल में बड़ा हादसा, उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब करीब 10–11 लोगों से भरी एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
अंतिम संस्कार से लौट रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग हरिद्वार में एक परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। चंबा-कोटी मार्ग पर नैल गांव के पास शाम करीब 4:15 बजे गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई और लगभग 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद राहत-बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। घायलों को रस्सियों की मदद से खाई से निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान, एक अज्ञात
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आशा लाल (40), विजय लाल (36), प्रेम लाल (60), महावीर (60), शिव सिंह (35), सेहत लाल (65) और लक्ष्मण (33) के रूप में हुई है। एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
घायलों की पहचान अंकित (35) और उत्तम कुमार (30) के रूप में हुई है, जिनमें से एक को फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
प्रशासन का बयान
उपजिलाधिकारी अलकेश नौटियाल के मुताबिक, सभी लोग घनसाली क्षेत्र और आसपास के गांवों के रहने वाले थे। सुबह करीब 6 बजे ये लोग घर से निकले थे और वापसी के दौरान हादसे का शिकार हो गए।
पीएम ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है।
