ग्वालियर जिले के पनिहार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। चार अज्ञात बदमाशों ने इंदौर पुलिस में पदस्थ एक आरक्षक पर हमला कर मोबाइल और नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और फरार हो गए।
घटना रात करीब 9:30 बजे की है, जब आरक्षक प्रमोद त्यागी, जो इंदौर के राजेन्द्र नगर थाने में तैनात हैं, अपने पैतृक गांव मुरैना जिले के जौरा स्थित बीमार पिता को देखने जा रहे थे। इसी दौरान पनिहार क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बाइक पर आए चार हमलावरों ने उन्हें रोककर लूटपाट की कोशिश की। आरक्षक ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली चला दी, जिससे उनके हाथ में छर्रे लग गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए और घायल आरक्षक सड़क पर तड़पते हुए मदद की गुहार लगाते रहे। उसी दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक नीतू सिकरवार वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और घायल आरक्षक को अस्पताल पहुंचाया।

आरक्षक को पहले ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल समूह रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पनिहार थाना पुलिस ने वारदात स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
