बालोतरा में दर्दनाक हादसा: टायर फटने से पलटी बोलेरो, मां-बेटे समेत 4 की मौत

0
ezgifcom-resize-2026-05-28t174303063_1779970412

बालोतरा में दर्दनाक हादसा, राजस्थान के बालोतरा जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब अजमेर दरगाह से जियारत कर लौट रही बोलेरो का अचानक टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलटते हुए सड़क से करीब 10 फीट नीचे जा गिरा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

हादसा पचपदरा थाना क्षेत्र के भाडियावास गांव के पास गुरुवार शाम करीब 4 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तत्काल बालोतरा के नाहटा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

पचपदरा थाना के एएसआई अमराराम के अनुसार, बाड़मेर जिले के चौहटन क्षेत्र के कोनरा विलायतशाह गांव निवासी 8 लोग ईद के मौके पर अजमेर दरगाह में जियारत करने गए थे। वापसी के दौरान भाडियावास गांव के पास बोलेरो का टायर अचानक फट गया। तेज रफ्तार में होने के कारण वाहन चालक संतुलन खो बैठा और गाड़ी पलटते हुए सड़क किनारे गहरी खाईनुमा जगह में जा गिरी।

हादसे में रहमत (52) पत्नी नूर मोहम्मद, 8 वर्षीय अरशद पुत्र नूर मोहम्मद और कादर खान (35) पुत्र इनायत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल हबीब खान को जोधपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में कुल मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।

घायलों में काजे खां, रजाक खान और सवाई खान शामिल हैं। इनमें काजे खां की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि रजाक खान और सवाई खान का बालोतरा के निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह टायर फटना सामने आई है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। ईद की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *