भोपाल में युवक से मारपीट पर मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग; बंद की चेतावनी

0
inner26_1778435988

भोपाल में युवक से मारपीट पर मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, भोपाल में एक होटल में युवक के साथ हुई मारपीट और आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मंगलवार रात मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो भोपाल बंद का आह्वान किया जाएगा।

यह पूरा मामला दो दिन पहले का है, जब हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने एक होटल में ठहरे युवक और युवती को पकड़ लिया था। आरोप है कि मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की गई, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोता गया तथा उसे अर्धनग्न कर पीटा गया। बाद में उसे गोविंदपुरा पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना गौतम नगर इलाके स्थित एक होटल की बताई जा रही है।

इसी घटना के विरोध में मंगलवार रात करीब 11 बजे हमीदिया अस्पताल के पास बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जमा हो गए। स्थिति को देखते हुए अस्पताल के गेट बंद कर दिए गए और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर विधायक आतिफ अकील और आरिफ मसूद भी पहुंचे, जिन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा और पुलिस ने इलाके में बेरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि युवक के साथ मारपीट के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने भी समाज के लोगों को संबोधित किया। इसके बाद समाजजन पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ उनका जुलूस निकालने की मांग की।

समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो शहर बंद का निर्णय लिया जा सकता है। इस दौरान विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील और एआईएमआईएम के मोहसिन अली समेत कई सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हालांकि, पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह पिछले करीब पांच साल से युवक आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और वह उसके खिलाफ किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। युवती ने यह भी कहा कि उसके साथ कोई जबरदस्ती या गलत व्यवहार नहीं हुआ। उसने बताया कि दोनों होटल में मिलने पहुंचे थे क्योंकि जिस स्थान पर वह रह रही है, वहां बाहरी लोगों की एंट्री नहीं है।

फिलहाल मामले को लेकर शहर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रदर्शनकारियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *