रीवा थाने में युवक ने खाया जहर, हालत गंभीर; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

0
34762_1777712989

रीवा थाने में युवक ने खाया जहर, रीवा जिले के चाकघाट थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक ने थाने के अंदर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और ICU में इलाज जारी है।

युवक की पहचान 25 वर्षीय पुष्पराज मांझी, निवासी ग्राम सेंगरवार सतपुड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि एक युवती की शादी हो जाने के बाद भी पुष्पराज उससे संपर्क बनाए हुए था और कथित तौर पर उसकी फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा था। इसी को लेकर युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए बुलाया था।

बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान ही युवक ने अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं।

घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक पर दबाव बनाया जा रहा था और उससे रिश्वत की मांग की गई थी, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

थाना प्रभारी बालकेश सिंह के अनुसार, युवक को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था और उसी दौरान उसने यह कदम उठा लिया। उन्होंने कहा कि रिश्वत मांगने जैसी बातों में कोई सच्चाई नहीं है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना ने पुलिस कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *