नीमच-झालावाड़ रोड पर भीषण हादसा: तूफान वाहन पलटा, 2 की मौत, 7 घायल
नीमच-झालावाड़ रोड पर भीषण हादसा, नीमच-झालावाड़ मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार तूफान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे, जो एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मनासा क्षेत्र के सावन कुंड गांव में आयोजित मन्नत कार्यक्रम में शामिल होकर गायरी गुर्जर समाज के लोग भानपुरा के ग्राम अंतरालिया वापस जा रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे पटेल श्री होटल के पास, बैंसला घाट क्षेत्र में वाहन अचानक बेकाबू हो गया और पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग फंस गए।
इस दुर्घटना में 55 वर्षीय सोहन बाई और 40 वर्षीय चालक भारत चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक मदद दी।
हादसे में घायल सात लोगों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सभी को तत्काल रामपुरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया। बाकी घायलों का इलाज रामपुरा में जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया। प्रत्यक्षदर्शियों ने एंबुलेंस के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई और बताया कि शुरुआती समय में घायलों को अस्पताल पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।
